Jamtara: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन एवं पर्यावरण विभाग ने सोमवार को शहर में जागरूकता रैली निकाली. इस दौरान नुक्कड़ सभा का आयोजन कर लोगों को पौधरोपण, जल संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने का संदेश दिया गया. वन क्षेत्र पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में निकाली गई रैली जिला वन प्रमंडल कार्यालय से शुरू होकर बैंक मोड़, सुभाष चौक, गांधी मैदान, टावर चौक, स्टेशन रोड और चंचला मंदिर चौक होते हुए जामताड़ा बाजार से वापस वन प्रमंडल कार्यालय पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ. रैली में शामिल लोगों ने “पेड़ लगाओ, धरती बचाओ”, “जल है तो कल है” और “प्लास्टिक को कहो ना” जैसे संदेशों वाली तख्तियां लेकर शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया. प्रतिभागियों ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है. लोगों से स्वच्छ हवा, स्वच्छ जल और हरित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया.

पर्यावरण को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी
वन क्षेत्र पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 1 से 5 जून तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है. पेड़-पौधों के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है, इसलिए सभी को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए. वहीं प्रधान वनरक्षी नाला क्षेत्र पुलक कुमार माल ने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल हैं. उन्होंने बताया कि जंगल का पानी जंगल में ही रोकने और भूजल स्तर बनाए रखने के लिए चेक डैम तथा तालाब निर्माण जैसे कार्य किए जा रहे हैं. साथ ही लोगों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की जा रही है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: उदित राज की सन्देहास्पद मौत मामले में आज से अनिश्चितकालीन धरना
विशेष अवसर पर पौधा लगाने की अपील
समाजसेवी मुन्ना कुमार ने कहा कि वे पिछले 35 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं. उन्होंने लोगों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की. उनका कहना था कि यदि प्रत्येक व्यक्ति ऐसा संकल्प लें, तो देश में हर वर्ष करोड़ों पौधे लगाए जा सकते हैं और भारत को हराभरा बनाया जा सकता है. कार्यक्रम में शामिल चंदन कुमार मंडल ने कहा कि सभी लोगों को पौधरोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवन का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करें. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से वन विभाग ने रैली और नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को यह संदेश दिया कि स्वस्थ जीवन और सुरक्षित भविष्य के लिए स्वच्छ पर्यावरण आवश्यक है तथा इसके संरक्षण में सभी की भागीदारी जरूरी है.
