Jamtara: जिले के नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुंडहित प्रखंड की भेलुआ पंचायत के चरकमारा गांव में सोमवार सुबह वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान 40 वर्षीय मणिलाल सोरेन के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे मणिलाल सोरेन धान की रोपाई की तैयारी के लिए अपने खेत की जुताई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ वज्रपात हुआ. आकाशीय बिजली सीधे उनकी चपेट में आ गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक मणिलाल सोरेन अपने पीछे पत्नी और दो नाबालिग बच्चों को छोड़ गए हैं. परिवार की आजीविका खेती पर ही निर्भर थी. ऐसे में उनकी असमय मौत से परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी मुआवजा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

ALSO READ: जामताड़ा : तालाब जीर्णोद्धार बना किसानों के लिए मुसीबत, खेतों में जलभराव से धान रोपाई प्रभावित


