Jamtara: जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत अंगूठिया मोड़ से जोरडीहा–बड़वा तक निर्मित मुख्य सड़क की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की स्थिति खराब होने लगी है. सड़क पर जगह-जगह दरारें उभर आई हैं, गिट्टियां उखड़ रही हैं और कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
घटिया सामग्री का उपयोग
ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान ही उन्होंने कार्य में इस्तेमाल हो रही सीमेंट, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्रियों की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई थी. उनका कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई और घटिया सामग्री का उपयोग किया गया. उस समय ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक के समक्ष विरोध भी दर्ज कराया था, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण हुए अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, इसके बावजूद इसकी हालत तेजी से बिगड़ती जा रही है. कई हिस्सों में सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है. बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है तथा दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं बरती गई
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया गया होता तो सड़क इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होती. उनका कहना है कि अब यह स्पष्ट प्रतीत हो रहा है कि निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं बरती गई थीं. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने, दोषी संवेदक और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि गुणवत्तापूर्ण सड़क ग्रामीणों का अधिकार है और सरकारी धन का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होना चाहिए.
AlsoRead:झारखंड में मानसून का रेड अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बने ‘डिप्रेसन’ से झमाझम बारिश के आसार


