Jamtara: रविवार शाम करीब पांच बजे के बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के महतोड़ीह स्थित ढीभी तालाब के समीप बांस के एक झुंड पर वज्रपात होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बिजली गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और कुछ देर के लिए भय का माहौल बन गया.

किसी व्यक्ति या पशु को नहीं पहुंचा नुकसान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरीडीह वन से हेठटोला जाने वाले पीसीसी मार्ग के किनारे स्थित बांस झुंड पर अचानक आसमानी बिजली गिरी, जिससे बांस झुंड में आंग लगने से धुआं निकलने लगा. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वज्रपात इतना तेज था कि दूर-दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी. घटनास्थल से लगभग सौ मीटर की दूरी पर कई मकान स्थित हैं. गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति या पशु को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. वज्रपात के बाद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए. सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. अचानक हुई इस घटना ने लोगों को प्राकृतिक आपदाओं, विशेषकर वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता का एहसास कराया.



