Chaibasa: टाटा कॉलेज, चाईबासा स्थित बहुउद्देशीय सभागार में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं का एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा परिवहन विभाग, दीपक बिरुआ उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद सिंहभूम जोबा माझी तथा सम्मानित अतिथि के रूप में विधायक मझगांव नीरल पूर्ति, विधायक चक्रधरपुर सुखराम उरांव, विधायक मनोहरपुर जगत माझी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन एवं चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव मौजूद रहे. कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: रांची: 80 लाख रुपये के लेन-देन विवाद में युवक ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में कई लोगों पर आरोप

नशा मुक्ति जागरूकता वाहन, कई कर्मी सम्मानित
इस अवसर पर जन वितरण प्रणाली एवं सार्वजनिक वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में योगदान देने वाले आपूर्ति कार्यालय के कर्मियों, सहायक गोदाम प्रबंधकों, डोर स्टेप डिलीवरी संवेदकों, लैम्प्स प्रतिनिधियों तथा दाल-भात केंद्र संचालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान जिले के 21 मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्रों को बर्तन दिए गए. साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले 38 जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को प्रेशर कुकर प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया. इसके अतिरिक्त तीन टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया. जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1 मलेरिया जागरूकता प्रचार वाहन, 1 प्रोजेक्ट आहार प्रचार वाहन एवं 2 नशा मुक्ति जागरूकता वाहन को अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
विषम परिस्थितियों में भी राशन विक्रेताओं ने जिम्मेदारी निभाई
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि देश की आजादी के बाद से सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम रही है. उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी राशन विक्रेताओं ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए लोगों तक खाद्यान्न पहुंचाने का कार्य किया है, जिसके लिए उनकी जितनी सराहना की जाए वह कम है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है. जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की पहुंच गांव-गांव एवं प्रत्येक लाभुक परिवार तक होती है, इसलिए वे लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं मतदाता बने रहने के प्रति जागरूक करें. उन्होंने सभी राशन विक्रेताओं से ईमानदारी, पारदर्शिता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया. साथ ही उन्होंने कहा कि नेटवर्क संबंधी समस्याओं से सरकार अवगत है तथा इसके स्थायी एवं वैकल्पिक समाधान की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है.



