Jamtara: जिले के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी पीयूष रंजन मुर्मू ने अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सीआईएससीई जोनल बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर जामताड़ा का नाम रोशन किया है. गिरिडीह के कार्मल स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में पीयूष ने अंडर-17 आयु वर्ग में बेहतरीन और आक्रामक खेल दिखाते हुए यह उपलब्धि हासिल की.
सेंट जोसेफ स्कूल के छात्र हैं पीयूष
पीयूष रंजन मुर्मू सेंट जोसेफ स्कूल, श्रीरामपुर (जामताड़ा) में कक्षा दसवीं के छात्र हैं. वह खेलो इंडिया बैडमिंटन सेंटर, जामताड़ा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. उनकी इस सफलता से स्कूल, परिवार और पूरे जिले में खुशी का माहौल है.
रीजनल प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
पीयूष की इस उपलब्धि पर स्कूल के प्राचार्य फादर जोसेफ तपन ने उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि पीयूष ने जोनल स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और जिले को गौरवान्वित किया है. इस जीत के साथ ही उनका चयन आगामी रीजनल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हो गया है, जहां वह जमशेदपुर में देवघर जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे.
कोच के मार्गदर्शन से मिली सफलता
पीयूष की सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. सेंट जोसेफ स्कूल के शारीरिक शिक्षक दीपक दुबे और खेलो इंडिया बैडमिंटन सेंटर के कोच बजरंगी प्रियरंजन ने उनकी खेल तकनीक को निखारने में अहम भूमिका निभाई.
खेल जगत में खुशी की लहर
पीयूष की स्वर्णिम सफलता पर जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, जिला खेल समन्वयक अमित कुमार साव, स्कूल के उपप्राचार्य फादर माइकल और फादर बबलू समेत कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. सभी ने उम्मीद जताई कि पीयूष आगे भी शानदार प्रदर्शन कर जामताड़ा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे.
ALSO READ: कोडरमा: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, NBW वारंटी सुरेंद्र सिंह गिरफ्तार
