Jamtara: हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को गांधी मैदान स्थित अमर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ विद्रोह के प्रतीक वीर शहीद सिदो-कान्हू, फूलो-झानो, चांद-भैरव सहित सभी अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया.
शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में उपायुक्त आलोक कुमार ने शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. उनके साथ पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), डायरेक्टर जुगनू मिंज समेत जिले के कई प्रशासनिक पदाधिकारी भी उपस्थित रहे. मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने हूल क्रांति के महानायकों के अदम्य साहस, बलिदान और देश की आजादी के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष आज भी समाज को अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है. कार्यक्रम का समापन सभी अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ.



