Palamu: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो कैलहर जंगल में एक अज्ञात युवती का अधजला शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. शव की स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं हैं. घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध और सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है. आशंका जताई जा रही है कि युवती की किसी अन्य स्थान पर हत्या की गई और पहचान छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को करसो के घने जंगल में लाकर जलाने का प्रयास किया गया. पुलिस घटनास्थल के आसपास से पैरों के निशान, संदिग्ध वस्तुएं और वाहन के टायर के निशान सहित अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है.

पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है. इसके लिए आस-पास के सभी थानों और सीमावर्ती जिलों से पिछले कुछ दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच की जा रही है. साथ ही तकनीकी सेल और स्थानीय मुखबिरों की मदद भी ली जा रही है.
पुलिस के अनुसार, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और समय को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस ने जल्द ही मृतका की पहचान कर मामले का खुलासा करने का भरोसा जताया है.
ALSO READ: रांची पुलिस की बड़ी पहल: संगीन अपराधियों का डिजिटल डेटाबेस तैयार करने का निर्देश


