Ranchi : मेडिकल-लीगल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब होगी पूरी तरह ऑनलाइन होगी. झारखंड में नए आपराधिक कानूनों के तहत पुलिस और अस्पतालों के बीच होने वाली मेडिको-लीगल प्रक्रियाओं को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. इसके लिए एप्लीकेशन को पूरे राज्य में लागू किया जा रहा है. इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आगामी दो जुलाई को एक विशेष ऑनलाइन ट्रेनिंग सत्र का आयोजन किया जा रहा है. झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्य के सभी एसएसपी और एसपी को दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है.
क्या है MedLeaPR एप्लीकेशन
नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप, मेडिको लीगल केस में पुलिस और चिकित्सालयों के बीच होने वाली कागजी कार्रवाई को अब इलेक्ट्रॉनिक मोड में बदला जा रहा है. भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईसी नई दिल्ली द्वारा MedLeaPR एप्लीकेशन तैयार किया गया है. इस एप्लीकेशन को सीसीटीएनएस CCTNS सिस्टम के साथ जोड़ा गया है. इसका उपयोग थानों के पुलिस पदाधिकारियों और सभी स्तर के सरकारी अस्पतालों द्वारा किया जाएगा.

दो जुलाई को होगी ऑनलाइन ट्रेनिंग
निकट भविष्य में पुलिस मुख्यालय स्तर से इसे पूरे राज्य में रोल-आउट (लागू) किया जाना है. इसे देखते हुए दो जुलाई को दिन के 12 बजे से रांची की SPMU टीम द्वारा राज्य के सभी जिलों की CCTNS टीम को MedLeaPR एप्लीकेशन के वर्क-फ्लो (काम करने के तरीके) से संबंधित ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जाएगी. इस नई व्यवस्था के लागू होने से आपराधिक मामलों में मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने में होने वाली देरी पर लगाम लगेगी और जांच प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता व तेजी आएगी.


