Jamtara: जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकादाहा गांव में बुधवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया. शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे चार लोग वज्रपात की चपेट में आ गए. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विनय सोरेन और 17 वर्षीय विश्वकर्मा टुडू के रूप में हुई है. वहीं शिवधान टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. दोनों का इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में चल रहा है.
वज्रपात की चपेट में आए कई लोग
जानकारी के अनुसार, सभी लोग चरकादाहा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. देर रात अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए चारों एक मिट्टी के घर के पास खड़े हो गए. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उस घर पर गिर गई. वज्रपात की चपेट में आने से विनय सोरेन और विश्वकर्मा टुडू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का उपचार जारी है. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. शादी समारोह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और आवश्यक कार्रवाई में लगी हुई है.
ALSO READ: DVC की लापरवाही से कोनार नदी में फ्लाई ऐश का बहाव, दो महीने में पांचवीं घटना


