Ranchi : झारखंड में कुदरत के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने सबको हैरान कर दिया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए राज्य में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. एक तरफ जहां गोड्डा जैसे इलाकों में मूसलाधार बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ा है. वहीं दूसरी तरफ राजधानी रांची समेत मध्य झारखंड में ओलावृष्टि और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है.
आज ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम केंद्र के अनुसार, आज यानी 9 मई को राज्य के मध्य भाग में भारी उथल पुथल देखने को मिल सकती है. रांची, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और खूंटी में गरज चमक के साथ ओले गिरने की प्रबल संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा हो सकती है.

15 मई तक आंधी-पानी का दौर
झारखंड के शेष हिस्सों में भी राहत के आसार नहीं हैं. 10 से 15 मई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक रुक कर आंधी और बिजली गिरने का सिलसिला जारी रहेगा. विशेषकर 11 और 14 मई को उत्तर पश्चिमी भागों (पलामू प्रमंडल) को छोड़कर बाकी पूरे राज्य में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना हैं.
पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म डालटनगंज रहा
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में गोड्डा में 95.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज किया गया. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटनगंज में दर्ज किया है. यहां 38.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के कांके में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि, 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है.
ALSO READ : Newswave Expose: झारखंड के मजदूरों का आधार तो है पर पहचान नहीं, सिर्फ 20 हजार को ही मिली है पहचान
