New Delhi/Ranchi: नई दिल्ली में झारखंड भाजपा का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिला. इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू कर रहे थे. केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक में राज्य में चल रही सड़क परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. मुलाकात के दौरान आदित्य साहू ने ओरमांझी में प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने बताया कि काम शुरू नहीं होने से इलाके में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आमलोगों को काफी परेशानी हो रही है.
यह भी पढ़ें : फर्जी बीमा एजेंट बनकर 5.5 लाख की ठगी, प्री-मैच्योरिटी के नाम पर रांची के व्यक्ति को बनाया शिकार
केंद्रीय मंत्री ने प्रोजेक्ट मैनेजर को लगाई फटकार
इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने संबंधित प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि निर्माण कार्य तुरंत शुरू किया जाए. साथ ही चेतावनी दी कि यदि ठेकेदार काम शुरू नहीं करते हैं, तो उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए या उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए. लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई करने की बात कही गई.
यह भी पढ़ें : नेतरहाट विद्यालय में रिक्त पदों की नियुक्ति एवं प्रबंधीय स्थिति पर HC सख्त: एग्जीक्यूटिव कमिटी का गठन एवं बैठक के निर्देश
झारखंड में सड़क बनाने के लिए केंद्र सरकार तैयार : नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने यह भी कहा कि झारखंड में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह तैयार है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण और वन स्वीकृति की प्रक्रिया तेज करती है, तो फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और बड़े पैमाने पर सड़क निर्माण कार्य किए जाएंगे. बैठक के दौरान सेंट्रल रोड फंड (CRF) के तहत झारखंड के विभिन्न जिलों में 15 सड़क निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई. इससे राज्य में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा और विकास को नई गति मिलेगी.
