ग्राम सभा के जरिये गांव-गांव पहुंचेगी झारखण्ड पुलिस, अब हर 10-15 दिन में होगी सीधी संवाद बैठक

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय तैयार कर रहा है इसके लिए एसओपी Ranchi : झारखंड में अब पुलिस व्यवस्था को...

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय तैयार कर रहा है इसके लिए एसओपी

Ranchi : झारखंड में अब पुलिस व्यवस्था को और अधिक जनसरोकारों से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी है. राज्य में पुलिस के वरीय पदाधिकारी और थानेदार अब ग्राम सभा के माध्यम से सीधे ग्रामीणों की समस्याएं जानेंगे. इसके तहत हर 10 से 15 दिनों के अंतराल पर ग्राम सभाओं के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में पहल की जाएगी. यह पहल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा हाल ही में विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद शुरू की जा रही है. निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय भी पूरी गंभीरता के साथ इस व्यवस्था को लागू करने में जुट गया है. इसके लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जा रही है, ताकि राज्य के सभी थाना और ओपी स्तर पर इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके.

बल्कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में भी मदद मिलेगी

मुख्यमंत्री ने बैठक में स्पष्ट रूप से कहा था कि ग्राम सभाओं के साथ नियमित संवाद से न केवल पुलिस और ग्रामीणों के बीच दूरी कम होगी, बल्कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में भी मदद मिलेगी. इससे स्थानीय स्तर पर सूचनाओं का आदान-प्रदान बढ़ेगा, जिससे समय पर कार्रवाई संभव हो सकेगी. साथ ही, ग्रामीणों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और विश्वसनीयता भी मजबूत होगी. पुलिस विभाग के स्तर पर यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों के व्यवहार और आचरण में संवेदनशीलता लाई जाए. आज के दौर में किसी भी घटना का वीडियो या सूचना इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाता है, ऐसे में पुलिस के सकारात्मक कार्यों को भी व्यापक रूप से प्रचारित करने की रणनीति बनाई जा रही है.

हेल्पलाइन नंबरों पर चलेगा जागरूकता अभियान

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय ने यह भी तय किया है कि विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के प्रति आम जनता को जागरूक किया जाएगा. डायल-112 सेवा का विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा. समय-समय पर संदेशों के जरिए भी लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा, अपराधियों और आपराधिक गिरोहों के प्रति सतर्क रहने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा. पुलिस के अच्छे कार्यों को भी प्रचारित किया जाएगा ताकि जनता का भरोसा और मजबूत हो सके.

ALSO READ: हजारीबाग के मोतरा जंगल में वन विभाग का बड़ा एक्शन, 60 टन अवैध कोयला जब्त

स्कूल-कॉलेजों में भी बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

नई पहल के तहत वरीय पुलिस अधिकारी और थानेदार स्कूलों, कॉलेजों और विशेष रूप से महिला कॉलेजों में नियमित रूप से भ्रमण करेंगे. इसका उद्देश्य छात्रों के साथ संवाद स्थापित करना और उन्हें उनके अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है. इससे छात्र-छात्राएं भी कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोगी बन सकेंगे और पुलिस के लिए उपयोगी सूचना स्रोत साबित होंगे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *