Ranchi : राज्य में मानसून के आगमन से लेकर 30 जुलाई तक बादलों ने वह मेहरबानी नहीं दिखाई जिसकी किसानों और आम जनता को उम्मीद थी. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल मानसून सीजन के शुरुआती दौर में पूरे झारखंड में सामान्य से 25% कम बारिश दर्ज की गई है. राज्य में 1 जून से 30 जुलाई तक औसतन 499.3 मिलीमीटर सामान्य बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस अवधि में वास्तविक रूप से मात्र 372.6 मिलीमीटर ही बारिश हुई है.
चतरा और गढ़वा में स्थिति चिंताजनक
चतरा में 451.6 मिमी के मुकाबले केवल 173.8 मिमी बारिश हुई. जिससे 62% कमी दर्ज की गई है. गढ़वा में सामान्य 426.9 मिमी के मुकाबले महज 160.2 मिमी यानी 62% कम बारिश दर्ज हुई है. इसके अलावा देवघर में 55%, गोड्डा में 48%, कोडरमा में 48%, पाकुड़ में 58% और गिरिडीह में 45% बारिश की भारी कमी दर्ज की गई है.
सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम का हाल
पश्चिमी सिंहभूम एकमात्र ऐसा जिला रहा, जहां सामान्य से 18% अधिक बारिश दर्ज की गई. सिमडेगा में सामान्य से सिर्फ एक फीसदी कम बारिश दर्ज की गई. खरसांवा में छह फीसदी, धनबाद में 19 फीसदी, दुमका में 17 फीसदी, पूर्वी सिंहभूम में 14 फीसदी, खूंटी में 17 फीसदी, रांची में 15 फीसदी और साहेबगंज में 16 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है.
ALSO READ : छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के पास गहरा दबाव सक्रिय, झारखंड में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश का अलर्ट
