छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के पास गहरा दबाव सक्रिय, झारखंड में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश का अलर्ट

Ranchi : पश्चिमी मध्य छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना गहरा दबाव पश्चिम-दक्षिण की ओर आगे बढ़ रहा...

मानसून बारिश थंडरिंग

Ranchi : पश्चिमी मध्य छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना गहरा दबाव पश्चिम-दक्षिण की ओर आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, इसका सीधा असर आसपास के कई राज्यों पर देखने को मिल रहा है. जिसके चलते झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने और लगातार बारिश का दौर बने रहने की पूरी संभावना है. वज्रपात (आकाशीय बिजली) और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है.

मौसम प्रणाली की वर्तमान स्थिति

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, यह गहरा दबाव पिछले 6 घंटों के दौरान 12 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-दक्षिण दिशा में आगे बढ़ा. आज यानी 30 जुलाई को सुबह 08:30 बजे यह पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ और उससे लगे विदर्भ व दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर (अक्षांश 21.0° उत्तर और देशांतर 81.3° पूर्व के पास) केंद्रित था. यह दुर्ग के दक्षिण, राजनांदगांव से 30 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व, और रायपुर से 50 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में स्थित है. अनुमान है कि यह अगले 12 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम की ओर बढ़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर होकर एक ‘डिप्रेशन’ में बदल जाएगा. इसके बाद, अगले 24 घंटों के दौरान इसके विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश की तरफ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. इसके अलावा, मानसून ट्रफ और ईस्ट-वेस्ट शियर जोन भी सक्रिय है, जो मौसम को अत्यधिक प्रभावित कर रहे है.

झारखंड में पिछले 24 घंटों का मौसम और तापमान

बीते 24 घंटों के दौरान झारखंड राज्य के लगभग सभी स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई. पश्चिमी सिंहभूम के तंतनगर में 37.2 मिलीमीटर दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस कांके रांची में दर्ज किया गया.

30 जुलाई से 05 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

30 और 31 जुलाई : आसमान में सामान्यत बादल छाए रहेंगे. राज्य के अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा या मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात (आकाशीय बिजली गिरने) और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का येलो और ऑरेंज अलर्ट है.
• 01 अगस्त : आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. यहां भी गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है.
• 02 और 03 अगस्त : राज्य के अनेक स्थानों पर फिर से हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा और मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है. इस अवधि में भी वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा.
04 और 05 अगस्त : राज्य के अनेक स्थानों पर गरज के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा. हालांकि 04 अगस्त को तेज हवाओं को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है, लेकिन बारिश और बादल छाए रहने की स्थिति बनी रहेगी.

रांची और इसके आसपास का मौसम पूर्वानुमान

30 जुलाई : सामान्यत बादल छाए रहेंगे और हल्के दर्जे की वर्षा होगी. अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
• 31 जुलाई : आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है. अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
• 01 अगस्त : बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. तापमान अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.
02 अगस्त : बादलों की लुका-छिपी के बीच दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है. अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
• 03 अगस्त : गरज के साथ दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार है. तापमान अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
• 04 और 05 अगस्त : राजधानी में लगातार बादल छाए रहेंगे और दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की जाएगी. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और खासकर वज्रपात (आकाशीय बिजली) के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें.

 

ALSO READ : JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन हुआ तेज, छठे दिन जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम बना संघर्ष का केंद्र

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *