Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मंगलवार को राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश ने जमकर तबाही मचाई. शहर के अलग-अलग इलाकों में पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे कई जगहों पर यातायात बाधित हो गया. वहीं कुछ स्थानों पर पेड़ कार और ई-रिक्शा पर भी गिर पड़े. हजारीबाग, बोकारो और जमशेदपुर में भी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई.
13 और 14 मई के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 मई को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग और कोडरमा को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना है. रांची सहित कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

15 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी
15 मई को मौसम और अधिक खराब होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, दुमका, जामताड़ा, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है.
Read Also: पाकुड़ में कलयुगी बेटे की करतूत, शराब पार्टी के बाद पिता की हत्या
18 मई तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में 18 मई तक मौसम का यही बदला हुआ रुख बना रहेगा. 17 और 18 मई को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में कई स्थानों पर गरज-चमक, बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
मेदिनीनगर में 41 डिग्री के पार पहुंचा पारा
इधर, भीषण गर्मी से मेदिनीनगर भी तप रहा है. मंगलवार को यहां का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो महीनों में दूसरी बार 41 डिग्री के पार पहुंचा है. बीते 24 घंटों में तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है. तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा.
बोकारो में तापमान में गिरावट
दूसरी ओर बोकारो में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जहां पिछले 24 घंटे में तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई.
