पलामू: पलामू पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशानुसार अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशुनपुर ओ.पी. क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. मंगलवार 10 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने ग्राम कररकला, दाढ़ा और किशुनपुर में सघन छापामारी की, जहां अवैध रूप से शराब बनाने के अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया.
80 लीटर अवैध देशी शराब बरामद
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर संग्रहित किये गए लगभग चार क्विंटल जावा महुआ और तैयार की गई 80 लीटर अवैध देशी शराब बरामद किए. शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे विभिन्न उपकरणों और अवैध सामग्री को पुलिस ने उसी स्थान पर पूरी तरह से विनष्ट कर दिया.
अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप
पलामू पुलिस की इस कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के धंधे पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे और इस मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
