झारखण्ड

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला, एक के खिलाफ केस दर्ज

रांची: पंडरा ओपी क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. यह मामला फुलमनी खाखा के लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज किया गया है.

बिना बताए घर से निकल गई थी नाबालिग 

पुलिस के अनुसार पंडरा ओपी थाना कांड संख्या 53/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 96 के तहत ईटकी निवासी प्रदीप लकड़ा को नामजद आरोपी बनाया गया है. शिकायत में कहा गया है कि 9 फरवरी को वादिनी की नाबालिग बेटी घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी. काफी खोजबीन के बाद परिजनों को जानकारी मिली कि वह प्रदीप लकड़ा के साथ गई है.

पहले से शादीशुदा है आरोपी 

आरोप है कि प्रदीप लकड़ा पहले से शादीशुदा है और उसने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. परिजनों ने आशंका जताई है कि लड़की को गलत इरादे से अपने साथ रखा गया है. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.