रांची: राजधानी में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रांची पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है. एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी पारस राणा और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने रातु रोड न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड के पास छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.
कुल 61.19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
तस्करों के पास से कुल 61.19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है. सिटी एसपी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, कि एसएसपी को 11 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली थी, कि सासाराम से दो युवक बस के जरिए ब्राउन शुगर लेकर रांची आ रहे हैं. वे कांटाटोली से ऑटो लेकर न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड की ओर पहुंचने वाले हैं, जिसके बाद पुलिस टीम ने दो तस्कर को गिरफ्तार किया, जिनमें सोनू कुमार यादव (23 वर्ष) और अजय यादव (20 वर्ष) शामिल है.
