Newswave Desk: स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियोसावन ने अपने यूजर्स के लिए नया “म्यूजिक प्रोफाइल” फीचर लॉन्च किया है. इस फीचर के जरिए अब यूजर्स की सुनने की आदतों और पसंदीदा गानों के आधार पर उनकी एक अलग डिजिटल पहचान यानी “म्यूजिक पर्सोना” तैयार की जाएगी. कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर्स को उनकी संगीत पसंद को समझने, व्यक्त करने और दूसरों के साथ साझा करने का नया तरीका देगा.
सुनने की आदतों के आधार पर मिलेगा खास बैज
नए फीचर में यूजर्स को उनके स्ट्रीमिंग पैटर्न के अनुसार अलग-अलग म्यूजिक पर्सोना बैज दिए जाएंगे. इनमें “बॉलीवुड भक्त”, “हिप हॉप हसलर”, “पंजाबी मुरीद” और “तेलुगु अभिमानी” जैसे कई विशेष पहचान बैज शामिल हैं. ये बैज इस बात को दर्शाएंगे कि कोई यूजर किस तरह का संगीत सबसे ज्यादा सुनता है.

हर महीने मिलेगी म्यूजिक रिपोर्ट
म्यूजिक प्रोफाइल फीचर यूजर्स को उनकी संगीत यात्रा का पूरा रिकॉर्ड भी दिखाएगा. इसमें पसंदीदा कलाकार, सबसे ज्यादा सुने गए गाने, पसंदीदा जॉनर और म्यूजिक मूड जैसी जानकारियां शामिल होंगी. साथ ही साप्ताहिक और मासिक सारांश भी मिलेगा, जिससे यूजर्स यह देख सकेंगे कि समय के साथ उनकी संगीत पसंद कैसे बदल रही है.
प्रोफाइल को कर सकेंगे कस्टमाइज
यूजर्स अपने म्यूजिक प्रोफाइल में स्टेटस अपडेट कर सकेंगे, पसंदीदा कलाकारों को हाइलाइट कर सकेंगे और अपनी प्लेलिस्ट भी प्रदर्शित कर सकेंगे. इसके अलावा वे एक यूनिक हैंडल बनाकर सार्वजनिक प्रोफाइल तैयार कर सकेंगे, जिससे उनकी संगीत पहचान दूसरों तक पहुंच सकेगी. JIO सावन का यह नया फीचर एंड्रॉयड, आईओएस और वेब प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिया गया है. एंड्रॉयड यूजर्स इसे लाइब्रेरी सेक्शन में जबकि आईओएस यूजर्स प्रोफाइल सेक्शन में एक्सेस कर सकते हैं.
म्यूजिक स्ट्रीमिंग को बनाया और अधिक सोशल
कंपनी के अनुसार म्यूजिक प्रोफाइल केवल गाने सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यूजर्स को अपनी संगीत पसंद के जरिए खुद को व्यक्त करने का अवसर भी देगा. इस फीचर के साथ जियोसावन म्यूजिक स्ट्रीमिंग को अधिक व्यक्तिगत और सोशल अनुभव बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
ALSO READ : पलामू : जनहित के मुद्दों की अनदेखी पर हुसैनाबाद नगर पंचायत बोर्ड बैठक का बहिष्कार


