Hazaribagh: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए केंद्रीय सचिव संजय कुमार महतो को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो के हस्ताक्षर से जारी पत्र के अनुसार, उन्हें तत्काल प्रभाव से सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से तीन वर्ष के लिए बाहर कर दिया गया है.
क्यों हुई कार्रवाई
पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, संजय कुमार महतो पर एक निजी कंपनी के साथ बिचौलियापन करने का गंभीर आरोप है. पत्र में उल्लेख किया गया है कि संजय महतो ने स्वयं स्वीकार किया है कि उन्होंने एक निजी कंपनी के साथ बिचौलियापन का कार्य किया. यह कृत्य पार्टी की घोषित नीतियों, सिद्धांतों और आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन है. इससे संगठन की साख, पारदर्शिता और जनविश्वास को भारी नुकसान पहुंचा है.
अनुशासनात्मक कदम
जेएलकेएम नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि एक जिम्मेदार पदाधिकारी से उच्च नैतिक मानकों और सांगठनिक अनुशासन की अपेक्षा की जाती है, जिसका संजय महतो ने उल्लंघन किया है. पार्टी संविधान और अनुशासन नियमावली के तहत मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निष्कासन आदेश जारी किया गया है.
भविष्य के लिए सख्त निर्देश
आदेश में यह भी साफ कर दिया गया है कि निष्कासन की अवधि, अगले 3 साल के दौरान संजय कुमार महतो पार्टी के नाम, ध्वज, प्रतीक, लोगो या किसी भी प्रकार की सांगठनिक गतिविधि का हिस्सा नहीं बन सकेंगे. उन पर इन प्रतीकों के इस्तेमाल की पूर्ण रूप से मनाही होगी. राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को जयराम महतो की पार्टी की क्लीन इमेज बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
