Chaibasa/Chakradharpur: झारखंड मुक्ति मोर्चा पश्चिमी सिंहभूम जिला कमिटी के निर्देशानुसार बंदगांव प्रखंड कमिटी द्वारा हिरणी जलप्रपात परिसर में नव नियुक्त बीएलए-2 सदस्यों के प्रशिक्षण एवं बूथ कमिटी गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई उपस्थित रहे. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला संगठन सचिव विनय प्रधान, बंदगांव प्रखंड प्रवेक्षक प्रेम मुंडारी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष गोप, चक्रधरपुर प्रखंड सचिव ताराकांत सिजुई, झामुमो युवा नेता अमर सिंह बोदरा, बंदगांव प्रखंड सहसचिव मनोज डांगील, प्रखंड उपाध्यक्ष दुंबी सुरीन, शिवशंकर महतो, शंकर नायक सहित सभी पंचायत कमिटी के अध्यक्ष, सचिव एवं वरिष्ठ झामुमो पदाधिकारी उपस्थित रहे.
नव नियुक्त बीएलए-2 सदस्यों को दिया गया प्रशिक्षण
बैठक में नव नियुक्त बीएलए-2 सदस्यों को संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ स्तर पर मतदाता सूची के सत्यापन, संगठन विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाकर ही पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है.

झामुमो कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत- विधायक प्रतिनिधि
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई ने कहा कि “झामुमो कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं. बीएलए -2 सदस्यों की जिम्मेदारी केवल मतदाता सूची के कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनता की समस्याओं को संगठन तक लाने का भी दायित्व निभाना है. बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता और जनता के विश्वास का आधार होता है. सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटें.
इस दौरान विभिन्न पंचायतों की बूथ कमिटियों के गठन एवं संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने पर भी चर्चा की गई. उपस्थित नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी को मजबूत करने तथा जनता की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाने का आह्वान किया. बैठक का समापन संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने के संकल्प के साथ किया गया. इस मौके पर काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एनएसएस ने चलाया जागरूकता अभियान, नशा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
