Ranchi: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की विशेष आमसभा (SGM) की बैठक मंगलवार को धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में हुई. बैठक में एसोसिएशन के नियम और कानूनों में किए गए संशोधनों को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई. नियमों में यह बदलाव सुप्रीम कोर्ट के 14 सितंबर 2022 के फैसले के निर्देशों के तहत किया गया है. बैठक में JSCA के 300 से ज्यादा सदस्य शामिल हुए. सदस्यों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही. बैठक की अध्यक्षता JSCA के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने की. इस दौरान उपाध्यक्ष संजय पांडेय, मानद सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम और कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष समेत प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे. बैठक की शुरुआत मानद सचिव सौरभ तिवारी के स्वागत भाषण से हुई. इसके बाद अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने नियमों में किए जाने वाले बदलावों को सदस्यों के सामने रखा और इसकी जानकारी दी. प्रस्तावित बदलावों पर चर्चा के बाद बैठक में मौजूद सदस्यों ने एकमत होकर सभी संशोधनों को मंजूरी दे दी. JSCA ने बताया कि नियमों में यह संशोधन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए किया गया है.

AlsoRead:रांची में ट्रक के नंबर पर दौड़ रही थी बुलेट, हेलमेट नहीं पहनने पर खुला राज

