Entertainment Desk: गायक जुबिन नौटियाल ने बचपन की मित्र रिचा चंदेल संग उत्तराखंड के त्रियुगीनारायण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए और विवाह बंधन में बंध गए यह विवाह बेहद सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और कुछ करीबी लोग ही मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब डेढ़ वर्ष पहले ही विवाह कर लिया था, लेकिन अब पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधिवत रस्में पूरी की गईं.

गोपनीय रखा गया विवाह समारोह
जानकारी के अनुसार, यह विवाह पूरी तरह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस निजी समारोह में केवल चुनिंदा परिजन और करीबी लोग ही शामिल हुए, और इसे बेहद गोपनीय रखा गया. विवाह की कोई आधिकारिक तस्वीर अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है. परिवार की ओर से दुल्हन का नाम आधिकारिक रूप से साझा नहीं किया गया है, हालांकि विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक जुबिन नौटियाल की जीवनसंगिनी रिचा चंदेल हैं, जो उनकी बचपन की मित्र बताई जाती हैं.
सूत्रों के अनुसार विवाह पहले ही हो चुका था
सूत्रों का यह भी कहना है कि यह विवाह एक दिन पहले ही संपन्न हो गया था, लेकिन इसकी जानकारी अब सामने आई है. परिवार की ओर से इस पूरे मामले पर अभी तक सीमित ही प्रतिक्रिया दी गई है.
मां नीना नौटियाल ने दी जानकारी
जुबिन नौटियाल की मां नीना नौटियाल ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे की निजी जिंदगी को हमेशा निजी रखा और विवाह को भी पूरी तरह पारिवारिक माहौल में संपन्न किया गया.
जुबिन के प्रशंसकों के बीच यह खबर तेजी से चर्चा का विषय बनी हुई है. संगीत जगत में अपनी खास पहचान बनाने वाले जुबिन ने अपने निजी जीवन को लेकर हमेशा बेहद संयमित और सादगीपूर्ण रुख अपनाया है.
उत्तराखंड से गहरा रहा जुड़ाव
देहरादून के जौनसार क्षेत्र में पले-बढ़े जुबिन नौटियाल का उत्तराखंड से गहरा लगाव रहा है. पारिवारिक अवसरों पर वे हमेशा राज्य की संस्कृति और परंपराओं को प्राथमिकता देते आए हैं. जुबिन के पिता रामशरण नौटियाल राजनीति से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता नीना नौटियाल गृहिणी हैं.
Also Read: ‘Girl Dad’ बनकर छाए Sidharth Malhotra, क्यूट लुक ने जीता दिल
शिव-पार्वती विवाह स्थल केरूप में प्रसिद्ध
त्रियुगीनारायण मंदिर विवाह संस्कार के लिए अत्यंत विशेष महत्व रखता है. मान्यता है कि इसी पवित्र स्थान पर भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था. इसी कारण देशभर से कई दंपति यहां पहुंचकर वैदिक परंपराओं के अनुसार विवाह करते हैं.
