Dhanbad: धनबाद पुलिस द्वारा आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. इसी क्रम में पीजी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निष्पादन में लगातार उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है. एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में ऐतिहासिक तेजी आई है, जिससे आम नागरिकों को समयबद्ध एवं प्रभावी पुलिस सेवाओं का लाभ मिल रहा है.

एक वर्ष में मिली 359 नई शिकायतें
मई 2025 के अंत तक पूर्व के 39 मामले लंबित थे. इसके बाद 1 जून 2025 से 31 मई 2026 के बीच पीजी पोर्टल पर 359 नई शिकायतें प्राप्त हुईं. इस प्रकार कुल 398 शिकायतें निष्पादन के लिए उपलब्ध थीं.
ALSO READ: रांची के डेली मार्ट से एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त, 10 हजार रुपये का जुर्माना
376 मामलों का हुआ सफल निष्पादन
इनमें से 376 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को आवश्यक राहत प्रदान की गई है, जबकि शेष 22 मामलों में जांच, सत्यापन एवं अन्य विभागीय प्रक्रियाएं जारी हैं. धनबाद पुलिस द्वारा एक वर्ष के दौरान प्राप्त कुल शिकायतों की तुलना में लगभग 104 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया गया है.
