HAZARIBAGH: चरही थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहेरा में छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार, दुराचार और छेड़खानी की शिकायत मिलने के बाद हेडमास्टर महेन्द्र प्रसाद राणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. देर रात उपायुक्त कार्यालय (गोपनीय शाखा) के आदेश के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके विरुद्ध चरही थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय निर्धारित किया गया है.
इसके साथ ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिपरा उर्दू, प्रखंड चुरचू में पदस्थापित पुष्पलता कुमारी को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहेरा में प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है.
तीन सदस्यीय जांच दल गठित
मामले की गहन जांच के लिए उपायुक्त ने तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया है. इसमें उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देवप्रिया को अध्यक्ष, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा और कार्यपालक दंडाधिकारी सना उस्मानी को सदस्य बनाया गया है.
जांच दल को निर्देश दिया गया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर संयुक्त जांच रिपोर्ट और मंतव्य 24 घंटे के अंदर उपायुक्त को सौंपे.
शिक्षा क्षेत्र में सनसनी और लोगों में आक्रोश
यह मामला जिले के शिक्षा क्षेत्र में बड़ी सनसनी का विषय बन गया है. बताया जा रहा है कि स्कूल की दो दर्जन से अधिक छात्राओं ने हेडमास्टर पर छेड़खानी और दुराचार के आरोप लगाए थे. यह मामला बाल कल्याण समिति के संज्ञान में आने के बाद सामने आया.
अभिभावक और स्थानीय लोग छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आक्रोशित हैं. हालांकि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है कि स्कूलों में बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का दुराचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
