Chakradharpur: पश्चिम सिंहभूम जिला के कराईकेला पंचायत अंतर्गत स्थानीय कुम्हारसाईं स्थित ‘श्री श्री हरि संकीर्तन पूजा समिति’ के तत्वावधान में सोमवार को 91वें वार्षिक 16 प्रहर अखंड श्री श्री हरि संकीर्तन का विधिवत शुभारंभ हुआ. भक्ति और श्रद्धा के इस महाकुंभ की शुरुआत गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई. श्रद्धालु हरि मंदिर नदी पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के पश्चात पवित्र जल लेकर मंदिर परिसर लौटे, जिसके बाद अखंड कीर्तन प्रारंभ हुआ.
तीन राज्यों की मंडलियों का संगम
समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को भव्य बनाने के लिए तीन राज्यों—झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा—की नामचीन संकीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है. भक्तों को श्री जादू सिंह मुंडा, श्री मनोज दास (ओडिशा), श्री दिलेश्वर प्रधान (झारखंड) और श्री नित्यानंद गोस्वामी (पश्चिम बंगाल) के भजनों का आनंद मिलेगा. विशेष आकर्षण के रूप में पश्चिम बंगाल की मनोहारी महिला संप्रदाय (श्री बबलू प्रधान) द्वारा भी हरि नाम का गुणगान किया जा रहा है.
कार्यक्रम की रूपरेखा
27 अप्रैल: कलश यात्रा एवं अखंड संकीर्तन का प्रारंभ.
28 अप्रैल: दिन-रात अखंड संकीर्तन एवं विशेष रात्रि जागरण.
29 अप्रैल: नामयज्ञ का समापन एवं पारंपरिक ‘दधि-कादो’ (धूलोट) उत्सव, जिसमें पूरा क्षेत्र भक्ति के रंगों में सराबोर होगा.
समिति का संदेश
श्री श्री हरि संकीर्तन पूजा समिति, कुम्हारसाईं ने समस्त क्षेत्रवासियों और धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करें. समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि 1935 से चली आ रही यह परंपरा क्षेत्र में शांति, सुख और समृद्धि लेकर आएगी.
ALSO READ: JPSC परीक्षा पर सियासत गरम: बाबूलाल मरांडी का हमला, युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
