Koderma: डोमचांच नगर पंचायत के गुहदर क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार टूट जाने से करीब 24 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही. लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश कुमार वर्मा बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की.
जेई ने जल्द मरम्मत का दिया आश्वासन
नगर अध्यक्ष उमेश कुमार वर्मा ने विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (जेई) से मुलाकात कर गुहदर क्षेत्र में टूटे विद्युत तार की तत्काल मरम्मत कराने का आग्रह किया. इस पर जेई ने विभागीय कर्मियों की टीम को मौके पर भेजकर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया.
छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई से पहले जागरूकता की मांग
इस दौरान नगर अध्यक्ष ने बिजली विभाग के समक्ष एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में कई लोग अपने घरों से छोटे स्तर पर दुकान या व्यवसाय संचालित करते हैं. जानकारी के अभाव में वे घरेलू बिजली कनेक्शन का उपयोग करते हैं, जिसके कारण विभागीय जांच के दौरान उन पर जुर्माना लगाया जाता है और कानूनी कार्रवाई की जाती है.उमेश कुमार वर्मा ने कहा कि ऐसे मामलों में सीधे दंडात्मक कार्रवाई करने के बजाय पहले लोगों को घरेलू और कमर्शियल बिजली कनेक्शन के नियमों की जानकारी दी जानी चाहिए. इससे लोग नियमानुसार कमर्शियल कनेक्शन लेकर अनावश्यक कार्रवाई से बच सकेंगे.
जागरूकता अभियान चलाने की मांग
नगर अध्यक्ष ने बिजली विभाग से नगर क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं में बिजली नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और विभाग तथा आम लोगों के बीच अनावश्यक विवाद की स्थिति नहीं बनेगी.
सड़क किनारे से हटाने की उठाई मांग
उमेश कुमार वर्मा ने विभाग से यह भी आग्रह किया कि 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन को सड़क किनारे से हटाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
