Koderma: PM श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पुतो में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST)-2027 के लिए नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. इच्छुक और पात्र छात्र-छात्राएं 31 जुलाई 2026 तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
80 सीटों पर होगा कक्षा 6 में नामांकन
विद्यालय के प्राचार्य कुमार अश्विनी अमिताभ ने बताया कि कक्षा 6 में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा. परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय समिति के दिशा-निर्देशों और आरक्षण नियमों के अनुसार किया जाएगा. इस वर्ष विद्यालय में कक्षा 6 की कुल 80 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा.
ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार होंगे आवेदन
प्राचार्य ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को पासपोर्ट साइज फोटो, जन्म प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, अभिभावक के हस्ताक्षर समेत अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों को ध्यानपूर्वक जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की गलती के कारण आवेदन निरस्त न हो.
निःशुल्क आवासीय शिक्षा की सुविधा
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पूतो में चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है. इसके साथ ही विद्यार्थियों को भोजन, पुस्तकें, वर्दी, खेलकूद की सुविधा, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला और कंप्यूटर लैब जैसी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं.
महत्वपूर्ण तिथियां:
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 31 जुलाई 2026
- JNVST-2027 चयन परीक्षा की तिथि: 28 नवंबर 2026
- ऑनलाइन आवेदन पोर्टल: https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/
