Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस भाजपा ने अपने शासनकाल में ‘मोमेंटम झारखंड’ के नाम पर बड़े निवेश के दावे किए थे, वह पहले उन दावों का हिसाब दे. उन्होंने कहा कि उस समय घोषित कई निवेश परियोजनाएं जमीन पर नहीं उतर सकीं.
उद्योग और रोजगार का बेहतर माहौल
राकेश सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में निवेश, उद्योग और रोजगार का बेहतर माहौल बन रहा है. इससे भाजपा परेशान है और हर विकास कार्य पर सवाल उठा रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी निवेश परियोजना को पूरा होने में कई चरण होते हैं, जैसे एमओयू, स्वीकृति, भूमि आवंटन, जरूरी अनुमति और फिर उत्पादन शुरू होना. ऐसे में निवेश की प्रगति की जानकारी देना सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है, इसे “री-पैकेजिंग” कहना गलत है. उन्होंने भाजपा द्वारा परमाणु ऊर्जा परियोजना पर उठाए गए सवालों का भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि यदि इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी जरूरी है, तो भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वह झारखंड के विकास में सहयोग करेगी या राजनीतिक कारणों से परियोजना में बाधा डालेगी. कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में राज्य में अपेक्षित औद्योगिक विकास नहीं हुआ और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ा. वहीं वर्तमान सरकार निवेश आकर्षित कर रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रही है. राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा अगर वास्तव में झारखंड के विकास की पक्षधर है तो उसे केंद्र सरकार से राज्य की औद्योगिक परियोजनाओं को जल्द मंजूरी दिलाने की पहल करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब केवल दावों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने वाले विकास के आधार पर फैसला करती है.
AlsoRead:उच्च शिक्षा की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राज्यपाल से की हस्तक्षेप की मांग
