Koderma: जिले के डोमचांच अंचलाधिकारी रविन्द्र कुमार पाण्डेय पर भ्रष्टाचार और आम जनता से मोटी रकम वसूलने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने अनुमंडल पदाधिकारी से एकदिवसीय धरना की अनुमति मांगी है. अंचल वासियों द्वारा SDO को सौंपे गए आवेदन में कहा गया है, कि डोमचांच CO के कार्यकाल में लोगों को ऑनलाइन जमीन चढ़ाने, दाखिल-खारिज और छोटे-छोटे कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सही कार्य कराने के लिए भी घूस के रूप में रकम देनी पड़ रही है.
सीओ पर भू-माफियाओं से साठ-गांठ रखने का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सीओ का कुछ भू-माफियाओं से भी साठ-गांठ है. इन लोगों से मोटी रकम लेकर गलत तरीके से काम कराया जा रहा है. आम जनता सीओ से मिलने में भी असहज महसूस करती है और कोई भी काम कराने के लिए दलालों का सहारा लेना पड़ता है. डोमचांच की जनता इस कार्यशैली से नाराज है. इसी को लेकर 27 जुलाई 2026, सोमवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक डोमचांच अंचल कार्यालय प्रांगण में शांतिपूर्ण एकदिवसीय धरना देने का निर्णय लिया गया है.
एसडीओ से धरने की अनुमति देने का आग्रह
धरनार्थियों ने एसडीओ से आग्रह किया है, कि आम जनता की परेशानी को देखते हुए धरना की अनुमति प्रदान की जाए. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक अंचल कार्यालय में पारदर्शिता और जवाबदेही नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. इस आवेदन मे संजय मेहता, मनोज रजक, अंगलाल मेहता, जीतू कुमार, विक्रम मेहता, सोनू कुमार समेत कई लोगों का हस्ताक्षर शामिल है.
यह भी पढ़ें: लातेहार: लेवी वसूलने आए PLFI के 2 उग्रवादी हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार
