Koderma: जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत चोपनाडीह पंचायत के ग्राम बभनडीह में करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बना डिग्री कॉलेज आज भी उद्घाटन की बाट जोह रहा है. भवन निर्माण को तीन साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक यहां पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी है. कॉलेज शुरू न होने से क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए हजारीबाग, कोडरमा, रांची और पटना जैसे दूरदराज शहरों की ओर रुख करना पड़ रहा है.
उम्मीदें धरी की धरी रह गई
चोपनाडीह, जामु, दसारो, मरकच्चो, महुगाय, पुरनानगर, देवीपुर सहित आसपास के गांवों के छात्रों को उम्मीद थी कि कॉलेज खुलने से उन्हें घर के पास ही स्नातक की पढ़ाई मिल जाएगी, लेकिन सरकारी उदासीनता के कारण यह उम्मीद पूरी नहीं हो पाई है.

2017 में मिली थी मंजूरी
जानकारी के अनुसार डिग्री कॉलेज की स्थापना को वर्ष 2017 में स्वीकृति मिली थी, तत्कालीन शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव ने ही कॉलेज का शिलान्यास किया था. स्थानीय विधायक डॉ. नीरा यादव ने बजट सत्र के दौरान विधानसभा में इस मुद्दे को उठाकर कॉलेज को जल्द शुरू करने की मांग की थी.सरकार की ओर से आश्वासन भी मिला था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है.
ALSO READ: श्रावणी मेला : मिलावटी हल्दी से लेकर चाट-घुघनी तक में गड़बड़ी, खाद्य सुरक्षा विभाग ने कराया नष्ट
