Koderma: निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जिले के विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन, नुक्कड़ नाटक एवं मेला प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को नशा से दूरी बनाने का संदेश दे रहा है. अभियान के दौरान एलईडी स्क्रीन पर वीडियो एवं ऑडियो क्लिप के माध्यम से आमजनों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया. नुक्कड़ नाटक एवं प्रदर्शनी के माध्यम से यह बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए गंभीर खतरा है तथा इससे बचाव के लिए सामूहिक जागरूकता एवं सहभागिता आवश्यक है.
यह भी पढ़ें: नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को तीन साल की सजा

युवा नशा से रहें दूर, सकारात्मक जीवन अपनाएं
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें. साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलकूद, योग एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया. जनजागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना तथा युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाते हुए उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है.


