Giridih : मुहर्रम को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. जन सुविधाओं का ध्यान रखते हुए नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान महापौर ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुहर्रम जुलूस और धार्मिक कार्यक्रमों के मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाये. साथ ही खराब पड़े स्ट्रीट लाइटों को अविलंब दुरुस्त किया जाए. महापौर ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे और सौहार्द का त्योहार है. ऐसे में नगर निगम की प्राथमिकता है कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं. निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जलजमाव, गंदगी और खराब लाइट की शिकायतें सामने आईं. जिस पर उन्होंने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
समय रहते पूरा किया जायें मरम्मत कार्य
उन्होंने संबंधित विभागों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मुहर्रम के दौरान जुलूस मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो. साथ ही स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की. जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो. निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. नगर निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मुहर्रम से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
ALSO READ : JTET 2026: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा में पारा और सहायक शिक्षकों को बड़ी राहत, अब 20 जुलाई तक करें आवेदन
