Koderma: जिले में बेशकीमती पत्थरों के अवैध भंडारण और कारोबार के खिलाफ खनन विभाग व कोडरमा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरखारा (जलवाबाद) स्थित एक घर में 4 प्लास्टिक के बोरे में तथा कई प्लास्टिक के फेविकोल डिब्बे में कुल 160kg बेशकीमती ब्लू स्टोन को अवैध रूप से स्टॉक कर रखने की गुप्त सूचना जिला खनन विभाग को मिली थी. इसके बाद कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई.
पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को लिया हिरासत में
छापेमारी के दौरान एक परिसर से 4 बोरे तथा विभिन्न बर्तनों में रखे बेशकीमती पत्थर बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से संग्रहित किया गया था. पुलिस ने मौके से केदार मंडल नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि जिस आवासीय परिसर में छापेमारी की गई, वह केदार मंडल का ही घर है. फिलहाल बरामद पत्थरों को जब्त कर खनन विभाग व कोडरमा पुलिस की टीम कोडरमा थाना परिसर ले आई है. इस बाबत कोडरमा खनन विभाग के खान निरीक्षक भाव प्रकाश के लिखित बयान पर कोडरमा थाना में मामला दर्ज कराया गया है, जिसमें इन पत्थरों की वन विभाग से अवैध ढुलाई और कारोबार करने की बात कही गई है.

गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई रहेगी जारी
वहीं, विभाग और किस नेटवर्क के जरिए अवैध कारोबार किया जा रहा था तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है. कोडरमा खनन विभाग व पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध खनन और बेशकीमती ब्लू स्टोन के गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाया गया अभियान, 20 लीटर महुआ शराब किया नष्ट


