Koderma: पिछड़े वर्गों के लिए राज्य आयोग, झारखंड के अध्यक्ष जनकी प्रसाद यादव ने कोडरमा भ्रमण के दौरान परिसदन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में स्थानीय रोजगार, स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा और श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई.
रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर हुई चर्चा
बैठक के दौरान केटीपीएस और डीवीसी में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति पर चर्चा हुई. आयोग के अध्यक्ष ने दोनों संस्थानों के अधिकारियों को स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने का निर्देश दिया. साथ ही अब तक स्थानीय लोगों को दिए गए रोजगार का विस्तृत विवरण और सूची आयोग को उपलब्ध कराने को कहा.

अस्पताल की व्यवस्था की हुई समीक्षा
अध्यक्ष ने केटीपीएस-डीवीसी परिसर स्थित अस्पताल की व्यवस्था की भी समीक्षा की और अस्पताल का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने का निर्देश दिया. उन्होंने केटीपीएस-डीवीसी को जयनगर प्रखंड के करियावां और जयनगर में आरओ पेयजल संयंत्र स्थापित करने का भी निर्देश दिया.
लंबित भुगतान से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में श्रम अधीक्षक को प्रवासी मजदूरों के लंबित भुगतान से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. वहीं शिक्षा विभाग को केटीपीएस-डीवीसी द्वारा गोद लिए गए विद्यालयों के शिक्षकों के लंबित मानदेय भुगतान के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया.बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रकाश बैठा सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO READ: कोडरमा: अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाया गया अभियान, 20 लीटर महुआ शराब किया नष्ट


