Giridih: सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता DC रामनिवास यादव ने की. बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, वाहन जांच अभियान और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए.
ब्लैक स्पॉट सुधार और हिट एंड रन मामलों पर जोर
DC ने दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर वहां जरूरी सुरक्षा उपाय लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित हिट एंड रन मामलों का जल्द निष्पादन करने को कहा.उन्होंने अधिक दुर्घटना वाले क्षेत्रों में हाई मास्ट लाइट, CCTV कैमरे और अन्य सुरक्षा संसाधन लगाने पर भी जोर दिया.
बिना रजिस्ट्रेशन वाहनों पर कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. इस दौरान ओवरस्पीडिंग, अवैध परिवहन और बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सभी थाना प्रभारियों को भी यातायात नियमों का पालन कराने और हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य इस्तेमाल को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
ALSO READ: लोहरदगा में किसान-मजदूर संगठनों का धरना, 10 अगस्त के जेल भरो अभियान को सफल बनाने का आह्वान
सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
बैठक में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया. DC ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भी जिम्मेदारी है. यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है.
