Palamu: पलामू जिले के पाटन प्रखंड अंतर्गत गमेथा गाँव के एक मेधावी छात्र ने अपनी प्रतिभा के दम पर पूरे राज्य में पलामू जिले का मान बढ़ाया है. जैक बोर्ड द्वारा घोषित इंटरमीडिएट साइंस के परीक्षा परिणामों में फैजान आलम ने 483 अंक (96.6%) प्राप्त कर पूरे झारखंड में दूसरा स्थान हासिल किया है.
मजदूरी कर पिता ने बढ़ाया आगे, बेटे ने दिखाया दम
फैजान की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उनके पिता, शकील अहमद, गुजरात के एक प्लांट में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. आर्थिक तंगी के बावजूद पिता ने कभी बच्चों की पढ़ाई में कमी नहीं आने दी. माँ कौशर बानो एक कुशल गृहिणी हैं जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी बच्चों का हौसला बनाए रखा. फैजान दो भाइयों में बड़े हैं और उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सुख-सुविधा की मोहताज नहीं होती.
R.K. 10+2 हाई स्कूल पाटन का बढ़ाया गौरव
फैजान आलम आर.के. हाई स्कूल, पाटन के छात्र हैं. परीक्षा परिणाम घोषित होते ही स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई. शिक्षकों का कहना है कि फैजान शुरू से ही मेहनती और अनुशासित छात्र रहे हैं. उनकी इस सफलता से स्कूल और पूरे प्रखंड का नाम रोशन हुआ है.
सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को
अपनी शानदार उपलब्धि पर फैजान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे उनके माता-पिता और शिक्षकों का सबसे बड़ा हाथ है. उन्होंने बताया कि दूर रहकर भी उनके पिता ने हमेशा उन्हें कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित किया. फैजान ने अपनी पढ़ाई के दौरान नियमितता और कठिन परिश्रम को मूल मंत्र माना.
ALSO READ: ‘‘आहार दिवस’’ पर पीडीएस दुकानों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए गए निर्देश
गाँव में जश्न का माहौल
गमेथा गाँव में आज उत्सव जैसा माहौल है. जैसे ही फैजान के झारखंड सेकंड टॉपर बनने की खबर फैली, उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया. आस-पड़ोस के लोग, रिश्तेदार और दोस्त मिठाई बांटकर खुशियां मना रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि एक मजदूर के बेटे ने अपनी मेहनत से गाँव का नाम पूरे राज्य के मानचित्र पर सुनहरे अक्षरों में लिख दिया है.
