डेढ़ साल से अधूरा पड़ा लेंप्स गोदाम, किसानों में बढ़ी नाराजगी

Jamtara: जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड के मदनाडीह गांव में सहकारिता विभाग की ओर से बन रहे लेंप्स (गोदाम) का निर्माण कार्य...

Jamtara: जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड के मदनाडीह गांव में सहकारिता विभाग की ओर से बन रहे लेंप्स (गोदाम) का निर्माण कार्य पिछले डेढ़ साल से अधूरा पड़ा है. निर्माण कार्य की शुरुआत बड़े उद्देश्य के साथ की गई थी, ताकि पंचायत समेत आसपास के किसानों को खाद-बीज और अन्य कृषि सामग्रियों की सुविधा एक ही स्थान पर आसानी से मिल सके. लेकिन ठेकेदार द्वारा आधा-अधूरा काम छोड़ दिए जाने से यह योजना अब तक जमीन पर पूरी तरह उतर नहीं पाई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

खेती के मौसम से पहले किसानों की चिंता बढ़ी

मदनाडीह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गणेश मरांडी ने बताया कि इस गोदाम के निर्माण से किसानों को काफी राहत मिलने की उम्मीद थी. खासकर खेती के मौसम में खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल थी. उन्होंने कहा कि अब खेती का समय नजदीक आ चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण इस वर्ष भी किसानों को इसका लाभ मिलने की संभावना कम है. इससे किसानों को फिर से बाजार और दूर-दराज के केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ेगा.

ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्य में अनियमितता की आशंका जताई है. पंचानन मंडल, इसाक अंसारी, अनाज अंसारी और सपन मरांडी ने कहा कि जिस तरह से काम अधूरा छोड़ दिया गया है, उससे साफ तौर पर लापरवाही झलकती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि धान की खेती से पहले किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराया जा सके.

ALSO READ: News Wave खबर का असर, पिलवारी-शहरपुर वन गांव के तीनों चापाकल हुए चालू

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में सहकारिता पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि यदि निर्माण कार्य अधूरा है, तो संबंधित ठेकेदार को जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया जाएगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि किसानों को योजना का लाभ मिल सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *