Latehar: गुरु पूर्णिमा के पावन और आध्यात्मिक अवसर पर बालूमाथ पूर्वी क्षेत्र के भगेया पंचायत अंतर्गत ओकेया गांव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. गांव की माताओं और बहनों ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ दीप प्रज्वलित कर मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना की. धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली.
जयघोष से गूंज उठा गांव
पूजा-अर्चना के दौरान “जय गौ माता” और “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयघोष से पूरा गांव गुंजायमान हो उठा. श्रद्धालु महिलाओं ने क्षेत्र और समाज में सुख, शांति, समृद्धि तथा आपसी भाईचारे की कामना की. गुरु पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर श्रद्धा और आस्था से सराबोर ओकेया गांव का माहौल देखते ही बन रहा था.
सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश
धार्मिक आयोजन ने ग्रामीणों के बीच सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना को और मजबूत करने का संदेश दिया. श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना में सहभागिता निभाई और गुरु पूर्णिमा पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला. गांव के लोगों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
