Chatra: चतरा परिसदन भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने झारखंड सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि निर्दोष कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो भाजपा सड़क से सदन तक चरणबद्ध आंदोलन करेगी.
झूठे मामलों में श्रीनिवास और काली यादव को भेजा गया जेल
प्रेसवार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी काली यादव को राजनीतिक द्वेष की भावना से झूठे मामलों में जेल भेजा गया है. उन्होंने दावा किया कि श्रीनिवास लगातार भ्रष्टाचार, अवैध कोयला कारोबार और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, जिसकी सजा उन्हें दी गई है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हजारीबाग के बड़कागांव स्थित चट्टी बारियातु क्षेत्र से चतरा के रास्ते हो रही कोयला ढुलाई का श्रीनिवास विरोध कर रहे थे. इसी कारण उन्हें रांची के कांके से पकड़कर अपराधियों की तरह जेल भेज दिया गया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बड़कागांव का कोयला चतरा के रास्ते नहीं जाने दिया जाएगा.
मुकदमे वापस नहीं होने पर पूरे राज्य में चरणबद्ध आंदोलन करेगी भाजपा
आदित्य साहू ने कहा कि यदि श्रीनिवास और काली यादव पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो भाजपा पूरे राज्य में चरणबद्ध आंदोलन करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अवैध कोयला खनन और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि सरकार अपराधियों पर नियंत्रण स्थापित करने में विफल साबित हुई है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक राज्य में हजारों दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं और हाल के दिनों में कई चर्चित हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. सरकार अपराध रोकने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने में लगी हुई है.
जेल में भाजपा नेता श्रीनिवास और काली यादव से आदित्य साहू ने की मुलाकात
बता दें, प्रेसवार्ता से पहले आदित्य साहू ने चतरा मंडल कारा पहुंचकर जेल में बंद भाजपा नेता श्रीनिवास और काली यादव से मुलाकात की. इसके बाद वे विराजपुर गांव पहुंचे, जहां कोयला वाहन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले CRPF जवान लक्ष्मण यादव के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और घटना पर चिंता जताई. इस अवसर पर सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल, भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता, जिला महामंत्री मृत्युंजय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: WCSF चैरिटीस्पिरिट फाउंडेशन की बैठक,महिला स्वास्थ्य और स्वरोजगार पर जोर – Newswave Jharkhand
