जामताड़ा: खेत जाने के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, 10 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार के तीन सदस्य झुलसे

Jamtara: जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत भिठरा गांव में शनिवार दोपहर तेज आंधी, बारिश और वज्रपात के बीच दर्दनाक हादसा हो गया....

Jamtara: जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत भिठरा गांव में शनिवार दोपहर तेज आंधी, बारिश और वज्रपात के बीच दर्दनाक हादसा हो गया. वज्रपात की चपेट में आने से एक 10 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो भाइयों और पिता को भी झटका लगा. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

खेत जाने के दौरान हादसा

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे महरुद्दीन मियां उर्फ मोहरील मियां अपने तीन बेटों के साथ खेत की ओर जा रहे थे. बताया जाता है कि सबसे आगे 10 वर्षीय बालक चल रहा था, जबकि उसके दोनों भाई और पिता पीछे-पीछे थे. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गया.

बालक की मौके पर मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वज्रपात की सीधी चपेट में आगे चल रहा बालक आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसके दोनों भाइयों और पिता को भी तेज झटका लगा. हादसे के बाद एक बच्चा बेहोश हो गया, जिसे आनन-फानन में गांव के समीप स्थित एक निजी मेडिकल संस्थान में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है.

गांव में मातम

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

प्रशासन की अपील

लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं के बीच प्रशासन द्वारा लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की जा रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *