Jamtara: प्रखंड अंतर्गत सुपायडीह पंचायत के पाकडीह गांव में शुक्रवार को संपन्न जल सहिया चयन प्रक्रिया को लेकर विवाद गहरा गया है. शनिवार को अभ्यर्थियों एवं ग्रामीण महिलाओं ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ के नाम संयुक्त आवेदन सौंपते हुए चयन प्रक्रिया रद्द करने तथा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.

अनियमितता, पक्षपात एवं महिलाओं की उपेक्षा की गई
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जल सहिया चयन में अनियमितता, पक्षपात एवं महिलाओं की उपेक्षा की गई. अभ्यर्थियों का कहना है कि जल सहिया पद के लिए कुल आठ उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें कई उम्मीदवार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता एवं सरकारी मानकों के अनुरूप पात्र थे. इसके बावजूद ग्रामसभा में कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों को “बाहरी” बताकर समर्थन से वंचित किया गया और एक विशेष उम्मीदवार के पक्ष में माहौल बनाकर चयन कराया गया. ग्रामीण महिलाओं ने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया के दौरान महिलाओं की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित नहीं की गई. उनका कहना है कि ग्रामसभा में 50 प्रतिशत महिला उपस्थिति नहीं थी और अधिकांश महिलाओं की राय को भी नजरअंदाज किया गया. आवेदनकर्ताओं ने कहा कि वर्षों से गांव में रहने वाले लोगों को बाहरी बताकर सरकारी योजनाओं से वंचित करना अन्यायपूर्ण है.
मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
आवेदन सौंपने वालों में मौसमी राय, शमा बानो, पुतुल बाउरी, मुनमुन खातून, रितु बाउरी, आशा परवीन सहित कई ग्रामीण महिलाएं शामिल थीं. सभी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर चयन प्रक्रिया को निरस्त करते हुए पुनः पारदर्शी तरीके से चयन कराया जाए.

