Giridih: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धनायडीह पंचायत के गुरो गांव में शनिवार को वज्रपात की घटना में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक महिला को मामूली चोटें आई हैं. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों के बीच चिंता का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार गुरो गांव की बसंती देवी, कामता देवी, रध्या देवी और देवंती देवी शनिवार को खेत में काम कर रही थीं. इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए चारों महिलाएं अपने-अपने घर की ओर लौटने लगीं. बताया जाता है कि जब वे बसंती देवी के घर के समीप पहुंचीं, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और चारों महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं.

तीन महिलाओं का अस्पताल में चल रहा इलाज
वज्रपात की चपेट में आने से देवंती देवी को हल्की चोटें आईं, जबकि बसंती देवी, कामता देवी और रध्या देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल उपचार के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में तीनों गंभीर रूप से घायल महिलाओं का इलाज चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है, जबकि देवंती देवी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान खेतों और खुले स्थानों में काम करना काफी जोखिम भरा हो जाता है. वहीं, परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है. प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी ली जा रही है.
ALSO READ: कोडरमा जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करें : उपायुक्त


