Gumla : 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लायंस क्लब गुमला फैमिली ने पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “किचन गार्डन अभियान” की शुरुआत की. अभियान के तहत क्लब के सदस्यों ने अपने घरों, आंगनों और गार्डन में सब्जियों के पौधे लगाकर लोगों को हरियाली बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया. बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों को देखते हुए क्लब ने केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर किचन गार्डन को बढ़ावा देने का निर्णय लिया. अभियान के दौरान टमाटर, मिर्च, बैंगन, धनिया, भिंडी समेत कई उपयोगी सब्जियों के पौधे लगाए गए. सदस्यों ने बताया कि घर में उगाई गई सब्जियां ताजी, पौष्टिक और रसायनमुक्त होती हैं, जो परिवार के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं.

सदस्यों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यक्रम की शुरुआत लायन कृष्णा और लायन सुबोध ने अपने घरों में पौधारोपण कर की. इसके बाद क्लब अध्यक्ष लायन शिशिर गुप्ता एवं लायन श्वेता ने अपने आवासीय परिसर में पौधे लगाए और अन्य लोगों को भी अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया. वहीं, लायन शिवानी ने भी इस पहल में भाग लेते हुए अपने परिवार और समाज तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया. क्लब अध्यक्ष लायन शिशिर गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत हर व्यक्ति अपने घर से कर सकता है. यदि प्रत्येक परिवार अपने घर, छत, बालकनी या आंगन में छोटा किचन गार्डन विकसित करे, तो इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवार के स्वास्थ्य में भी सकारात्मक बदलाव आएगा. उन्होंने पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल और संरक्षण पर भी जोर दिया.
हरित जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया. क्लब ने समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, किचन गार्डन विकसित करने और प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
Also Read : विश्व पर्यावरण दिवस: पीएम मोदी ने जताया सतत विकास का संकल्प, पर्यावरण प्रहरियों को सराहा
