लोहरदगा: टोरी रेलवे फाटक के जाम से जल्द मिलेगी राहत, ROB निर्माण का प्रस्ताव 2026-27 में शामिल

Lohardaga: चंदवा स्थित टोरी रेलवे फाटक पर प्रतिदिन लगने वाले लंबे जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है. सामाजिक विचार...

Lohardaga: चंदवा स्थित टोरी रेलवे फाटक पर प्रतिदिन लगने वाले लंबे जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है. सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह की पहल और प्रधानमंत्री कार्यालय, पीएमओ की कार्रवाई के बाद रेलवे ने टोरी रेलवे ओवरब्रिज, ROB के निर्माण कार्य को वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित किया है. इस फैसले से क्षेत्र के हजारों लोगों में खुशी का माहौल है, जो लंबे समय से रेलवे फाटक पर घंटों जाम की समस्या से परेशान हैं.

पीएमओ में दर्ज कराई गई थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह ने 14 जून 2026 को प्रधानमंत्री कार्यालय में टोरी रेलवे फाटक पर लगने वाले भीषण जाम की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि ट्रेनों के लगातार आवागमन के कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है. इससे आम लोगों के साथ मरीजों, विद्यार्थियों, व्यवसायियों और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

रेलवे ने 2026-27 के लिए प्रस्तावित किया ROB

पीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत को अपर मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद को भेजकर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. इसके बाद वरीय मंडल अभियंता, पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद की ओर से पत्र के माध्यम से सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह को जानकारी दी गई कि चंदवा स्थित टोरी रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य को वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित किया गया है.

रोजाना घंटों बंद रहता है रेलवे फाटक

स्थानीय लोगों के अनुसार टोरी रेलवे फाटक क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों का आवागमन होता है. इसके कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है.कई बार एंबुलेंस, स्कूल बसें, मरीज, किसान और आम लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं. इससे लोगों के समय और ईंधन की बर्बादी के साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं.

स्थायी समाधान की उम्मीद

सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग है. उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय और रेलवे प्रशासन का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि प्रस्तावित योजना को जल्द स्वीकृति मिलेगी और निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.

व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा लाभ

स्थानीय लोगों ने भी रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के प्रस्ताव का स्वागत किया है. लोगों का कहना है कि ROB बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी और चंदवा सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा.इसके अलावा व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन व्यवस्था को भी इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों ने सरकार और रेलवे प्रशासन से प्रस्तावित निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि वर्षों पुरानी जाम की समस्या का जल्द स्थायी समाधान हो सके.
ALSO READ: हजारीबाग में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *