Hazaribagh : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संचय और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर शनिवार को कटकमदाग थाना क्षेत्र के सलगावा (हरिजन टोला) एवं लुटा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध महुआ चुलाई शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की गई.
23 अवैध भट्ठियां की गईं ध्वस्त
सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई के दौरान सलगावा (हरिजन टोला) के घरों में संचालित 8 भट्ठियों, लुटा क्षेत्र में 10 भट्ठियों तथा सलगावा के अन्य 5 घरों में चल रहे अवैध शराब निर्माण केंद्रों पर छापेमारी की गई. अभियान के दौरान कुल 23 अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया.

1200 किलो जावा महुआ और 220 लीटर शराब बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने घटनास्थलों और आसपास छिपाकर रखे गए लगभग 1200 किलोग्राम जावा महुआ को विनष्ट कर दिया. इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई. कार्रवाई के दौरान करीब 220 लीटर अवैध चुलाई शराब भी बरामद की गई.
संलिप्त लोगों की पहचान में जुटा विभाग
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब निर्माण और कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
छापेमारी दल में शामिल रहे ये अधिकारी
अभियान में निरीक्षक उत्पाद सौरभ कुमार झा, अवर निरीक्षक उत्पाद भुनेश्वर नायक, अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल रहे. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
Also Read : गुमला में किशोरी की संदिग्ध मौत, कीटनाशक खाने के बाद रिम्स ले जाने के दौरान तोड़ा दम
