Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जादूगोड़ा थाना क्षेत्र से 452 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है.
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
ग्रामीण एसपी शुभम ने बताया कि 15 जुलाई की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के स्वासपुर गांव के पास पुराना राखा माइंस की ओर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री और परिवहन कर रहा है. सूचना मिलते ही सनहा दर्ज कर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया. इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
तलाशी में मिला 452 ग्राम गांजा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्वासपुर निवासी नागेन भकत (45) को मोटरसाइकिल संख्या JH05DK-6337 पर संदिग्ध अवस्था में पकड़ा. तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक के बैग से करीब 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
बाइक और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 452 ग्राम गांजा, वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन और काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. जब्त सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था. पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
ALSO READ : पाकुड़ : JLKM के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने की करवाई, जिला अध्यक्ष को किया पदमुक्त,
