Adra: NIIT UG परीक्षा के समापन के बाद रांची से अपने गंतव्य की ओर लौटने वाले परीक्षार्थियों और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने दो एकतरफा अनारक्षित विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है. ये दोनों स्पेशल ट्रेनें 21 जून को रांची से धनबाद और डाल्टनगंज के लिए रवाना होंगी. रेलवे के अनुसार, परीक्षार्थियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है. दोनों ट्रेनें अनारक्षित श्रेणी की होंगी, जिससे अधिक से अधिक यात्री इसका लाभ उठा सकेंगे.
रांची-धनबाद स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 08603 रांची-धनबाद स्पेशल 21 जून को शाम 6:30 बजे रांची स्टेशन से प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन मूरी, झालदा, कोटशिला, बोकारो स्टील सिटी, राजाबेड़ा, चंद्रपुरा, फुलवारीटांड़ और कतरासगढ़ स्टेशनों पर रुकते हुए रात 11:05 बजे धनबाद पहुंचेगी.
वहीं, ट्रेन संख्या 08631 रांची-डाल्टनगंज स्पेशल 21 जून को शाम 7:15 बजे रांची से रवाना होगी. यह ट्रेन पिस्का, टंगरबसली, नागजुआ, लातेहार, बरकी चांपी, बोड़ाग्राम, टोरी, छीपादोहर और बरवाडीह स्टेशनों से होकर रात 11:15 बजे डाल्टनगंज पहुंचेगी.
यात्रियों से लाभ उठाने की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों, विशेषकर NIIT UG परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों से इन विशेष ट्रेनों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है. रेलवे का मानना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी.
यह भी पढ़ें: रांची: मेसरा ओपी पुलिस ने बकरी चोर गिरोह का किया खुलासा, 3 गिरफ्तार, कार और 5 बकरियां बरामद



