Ranchi : झारखंड सरकार के वित्त विभाग ने राज्य के कोषागारों की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. लंबे समय से चली आ रही विसंगतियों को दूर करते हुए विभाग ने पदों के सृजन और प्रत्यर्पण की नई व्यवस्था लागू कर दी है. इस बदलाव का सीधा असर रांची, हजारीबाग, दुमका और चाईबासा जैसे बड़े केंद्रों पर पड़ेगा. इसका आदेश वित्त विभाग ने जारी कर दिया हैं.
टाइपिंग की गलती सुधारी, पदों का गणित हुआ साफ
वित्त विभाग ने स्वीकार किया कि पूर्व के संकल्प (संख्या 2049) की अनुसूची-5 में टंकण की गंभीर त्रुटि थी. जहां कोषागार पदाधिकारियों की संख्या गलती से 29 दर्ज हो गई थी. उसे अब सुधार कर 23 कर दिया गया है. इसी तरह, सहायक कोषागार पदाधिकारियों की संख्या जो पहले 12 दिखाई गई थी, उसे बढ़ाकर अब 18 किया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुल स्वीकृत 47 पदों को ही सहायक, कोषागार और वरीय कोषागार पदाधिकारी के बीच संतुलित तरीके से बांटा गया है.
एसएनए स्पर्श और साइबर ट्रेजरी को मिली मजबूती
आधुनिक बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन के दौर में विभाग ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एसएनए स्पर्श और साइबर ट्रेजरी में एक-एक कोषागार पदाधिकारी के नए पद सृजित किए हैं. इसके बदले प्रोजेक्ट भवन और हजारीबाग कोषागार से ‘वरीय कोषागार पदाधिकारी’ के एक-एक पद को वापस ले लिया गया है.
हजारीबाग और प्रमंडलीय मुख्यालयों पर विशेष नजर
सरकार के इस नए आदेश के तहत हजारीबाग जैसे बड़े कोषागार की कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया है. हजारीबाग में अब तक केवल एक सहायक कोषागार पदाधिकारी का पद था, जिससे काम का बोझ अधिक था.
क्यों जरूरी था यह बदलाव
वित्त विभाग का मानना है कि प्रमंडलीय मुख्यालयों (जैसे दुमका और पलामू) में पदाधिकारियों के पद तो थे, लेकिन वे जमीनी जरूरतों के अनुरूप नहीं थे. कई जगहों पर बड़े कोषागार होने के बावजूद कोषागार पदाधिकारी का पद ही नहीं था. इस पुनर्गठन से न केवल वेतन निकासी और सरकारी भुगतान में तेजी आएगी, बल्कि प्रशासनिक नियंत्रण भी बेहतर होगा.
ये किए गए हैं बदलाव
रांची कोषागार से वरीय कोषागार पदाधिकारी का पद समाप्त (प्रत्यर्पित) कर उसे हजारीबाग में कोषागार पदाधिकारी के रूप में शिफ्ट कर दिया गया है.
दुमका, चाईबासा और पलामू जैसे महत्वपूर्ण जिलों में वरीय कोषागार पदाधिकारी के पदों को खत्म कर वहां कोषागार पदाधिकारी के नए पद सृजित किए गए हैं.
रांची, दुमका, चाईबासा, पलामूः वरीय कोषागार पदाधिकारी के पद समाप्त.
हजारीबाग, दुमका, चाईबासा, पलामूः कोषागार पदाधिकारी के नए पद सृजित.
पुरानी अनुसूची की टंकण त्रुटियां दूर की गईं.
ALSO READ : जेल में बंद निलंबित IAS विनय चौबे ने सुप्रीम कोर्ट से मांगी बेल
